मॉनसून की तूफानी रफ़्तार: 24 घंटे में केरल से महाराष्ट्र पहुंचा
News Image

देश में दक्षिणी पश्चिमी मॉनसून तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। शनिवार को केरल में दस्तक देने के बाद, यह 24 घंटे के भीतर ही महाराष्ट्र पहुंच गया है।

पिछले 35 सालों में ऐसा पहली बार हुआ है कि मॉनसून इतनी जल्दी महाराष्ट्र पहुंचा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

आईएमडी ने बताया कि मॉनसून रविवार को अरब सागर के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक, पूरे गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और मिजोरम, मणिपुर और नागालैंड के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया।

आईएमडी की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने जानकारी दी कि 1990 में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 20 मई को महाराष्ट्र में दस्तक दी थी।

आईएमडी का कहना है कि अगले तीन दिनों में मॉनसून के मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, बेंगलुरु सहित कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।

महाराष्ट्र में तटीय कोंकण क्षेत्र और मुंबई में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। पुणे के बारामती और इंदापुर तहसीलों में रविवार को भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई।

आईएमडी का अनुमान है कि आज केरल के कुछ इलाकों में भारी बारिश, आंधी, बिजली और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 27-31 मई के बीच कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

आज और कल आतंरिक कर्नाटक के अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। यहां पर 28-31 मई के दौरान भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है तो उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में आज और कल भारी से बहुत भारी और 28-30 मई के मध्य भारी बारिश की संभावना है।

आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा और तेलंगाना में आंधी, बिजली और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पहुंचने वाली हवाओं के साथ छिटपुट से व्यापक हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है। इसी तरह, आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।

कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज, बिजली और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ आज छिटपुट से हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है। आज से 28 मई तक गुजरात में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं जो कि 70 किलोमीटर तक भी पहुंच सकती हैं। साथ ही मराठवाड़ा और गुजरात क्षेत्र में आज और कल छिटपुट बारिश का अनुमान है। आज से 30 मई तक कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र में छिटपुट बहुत बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत में आज और 29-31 मई के मध्य अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। वहीं आज से 31 मई तक असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में, साथ ही 28 और 29 मई को नागालैंड और मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तो 30 और 31 मई को असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वी और मध्य भारत में आज से 29 मई तक विदर्भ और छत्तीसगढ़ में तो आज से 31 मई तक पश्चिम बंगाल और सिक्किम, झारखंड, ओडिशा में आंधी, बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ छिटपुट से लेकर व्यापक हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है। आज से 29 मई तक मध्य प्रदेश में और आज से 31 मई तक बिहार में आंधी, बिजली और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड में आज से 31 मई तक आंधी, बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ छिटपुट से लेकर व्यापक हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है। 27 और 28 मई को हिमाचल प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैंं, जिनके 70 किलोमीटर तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं 27 और 28 मई को ही हिमाचल में कुछ स्थानों पर ओले गिर सकते हैं। आज राजस्थान में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।

शनिवार को केरल में मॉनसून की दस्तक वर्ष 2009 के बाद से सबसे जल्दी है। 2009 में मानसून 23 मई को केरल पहुंचा था। आमतौर पर, दक्षिण-पश्चिम मानसून 1 जून तक केरल में दस्तक देता है और 8 जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है। मानसून 17 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत से पीछे हटना शुरू कर देता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस लौट जाता है। यह आमतौर पर 7 जून के आसपास महाराष्ट्र और 11 जून को मुंबई पहुंचता है।

*

कुछ अन्य वेब स्टोरीज

Story 1

मौत के मुहाने पर मछली का शिकार: युवकों की बेपरवाही देख लोग हैरान

Story 1

फील्ड मार्शल से PM शहबाज तक… सब नशे में चूर! पाकिस्तान के झूठ का एक और सबूत

Story 1

इंग्लैंड दौरे से पहले भारतीय खिलाड़ी प्रियांक पांचाल का संन्यास, क्रिकेट को कहा अलविदा!

Story 1

फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों को पत्नी ने जड़ा थप्पड़! वायरल वीडियो से मची सनसनी

Story 1

चैन से रोटी पसंद तो रोटी खाओ... वरना गोली खाओ: पीएम मोदी का पाकिस्तान को कड़ा संदेश

Story 1

सीएम नीतीश ने अपर मुख्य सचिव के सिर पर रखा पौधा, मचा हड़कंप

Story 1

वैभव अरोड़ा की आलस भरी दौड़! रन आउट देख दर्शक हैरान

Story 1

मेरठ में दिनदहाड़े बुर्का पहने महिला से छेड़छाड़, बाइक सवार ने किया किस

Story 1

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे टीम घोषित: वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे को मिली जगह!

Story 1

गोंडा बीजेपी नेता का वायरल वीडियो: महिला ने तोड़ी चुप्पी, सच्चाई जानकर दंग रह जाएंगे आप!