पटना में एक महिला ने आधी रात को करोड़ों रुपये के नोट आग में जला दिए। उसने इतने नोट जलाए कि जले हुए नोटों से घर के सारे नाले जाम हो गए। नाले की सफाई कर नोट निकालने के लिए नगर निगम की टीम को बुलाया गया।
महिला ने करोड़ों के नोट इसलिए जलाए ताकि भ्रष्टाचार के कुबेरों की लिस्ट में उसके परिवार का नाम ना आए, ताकि कानून के पंजे की पकड़ में आने से वो अपने इंजीनियर पति को बचा सके।
हमारे देश में एक आम आदमी रोजाना 600 रुपये भी नहीं कमा पाता, लेकिन यहीं पर, कोई एक मिनट में करोड़ों रुपये के नोट अपने हाथों से जला दे तो हैरानी होती है।
इस देश में हर 100 में से 60 लोग ऐसे हैं जिनकी आमदनी सिर्फ 200 से 400 रुपये के बीच है। देश में आधे से ज़्यादा मध्यम वर्ग की सालाना आय साढ़े सात लाख रुपये से भी कम है।
पटना में एक इंजीनियर के परिवार को करोड़ों रुपये जलाने में 3 मिनट भी नहीं लगते, उस बिहार में, जहां गरीबी और आर्थिक तंगी बहुत ज्यादा है, जहां 34 प्रतिशत से ज्यादा परिवार गरीबी रेखा से नीचे हैं।
बबली राय नाम की महिला, जो बिहार सरकार के इंजीनियर विनोद राय की पत्नी हैं, ने न सिर्फ करोड़ों रुपये फूंंक दिए, बल्कि लाखों रुपये की गड्डी को पानी की टंकी में फेंक दिया।
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को पता चला कि विनोद राय कैश लेकर पटना पहुंच रहे हैं। EOU की टीम घर के बाहर बैठ गई। रात करीब 2 बजे EOU को कुछ जलाने की दुर्गंध आने लगी। सुबह सवा पांच बजे EOU की टीम घर के अंदर दाखिल हुई तब पता चला कि बबली राय ने रात भर नोटों की गड्डियां जलाई थी।
EOU की टीम को पांच-पांच सौ के जले हुए नोट मिले हैं। पानी की टंकी में से लगभग 39 लाख 50 हजार रुपये के नोट मिले। 52 लाख रुपये की बरामदगी हो गई और बाकी छानबीन चल रही है। इसके अलावा 26 लाख रुपये की ज्वेलरी, बीमा के कागजात मिले हैं। कुल मिलाकर विनोद राय के पास लगभग 100 करोड़ रुपये की संपत्ति होने का पता चला है।
यह विनोद राय उसी बिहार का सरकारी इंजीनियर है, जहां पर कई बार कंट्रैक्ट पर काम करने वाले जूनियर इंजीनियरों को समय पर सैलरी नहीं मिलती।
जब किसी के घर से 100 करोड़ रुपये निकलता है तो यह एक साधारण नौकरीपेशा की एक हजार से पंद्रह सौ साल की कमाई होती है।
शनि की कठोर दृष्टि पड़ने पर बिहार के पटना में ही नहीं, बल्कि कर्नाटक में एक विधायक पर भी उसकी वक्रदृष्टि पड़ी है।
कांग्रेस के चित्रदुर्ग से विधायक केसी वीरेंद्र के घर पर जब प्रवर्तन निदेशालय के अफसर पहुंचे तो नोटों की गड्डी देखकर उनके होश उड़ गए। छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी को 12 करोड़ रुपए कैश और 6 करोड़ की गोल्ड ज्वैलरी मिली। केसी वीरेद्र का गोवा में कैसिनो का कारोबार है। विधायक को सिक्किम से गिरफ्तार कर लिया गया है।
गांधी जी ने कहा था कि भ्रष्टाचार और दंभ हमारे लोकतंत्र के अनिवार्य परिणाम नहीं होने चाहिए। मगर कर्नाटक के विधायक सतीश कृष्ण सैल हों, केसी वीरेंद्र हों या फिर पटना के सरकारी इंजीनियर विनोद राय, ये भ्रष्ट चेहरे हैं, जिन्होंने भ्रष्टाचार को व्यवस्था का अनिवार्य हिस्सा बना दिया है।
ओडिशा के धनकुबेर इंजीनियर के घर पर जब अफसर पहुंचे तो उन्होंने खिड़की से नोट उड़ा दिए। करीब 50 लाख रुपये उन्होंने पड़ोसी की छत फेंक दी। बैकुंठ नाथ सारंगी के करीब 15 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई थी।
पिछले साल दिसंबर में मध्य प्रदेश के एक ट्रैफिक कांस्टेबल के घर छापेमारी हुई थी। सौरभ शर्मा के घर से लोकायुक्त पुलिस ने ढाई करोड़ रुपये नकद, ज्वेलरी और जमीनों के दस्ताबेज बरामद किए थे।
ओडिशा का सरकारी इंजीनियर बैकुंठनाथ सारंगी अभी जेल में है, मध्य प्रदेश का सौरभ शर्मा भी सलाखों के अंदर है। संजीव हंस भी अभी जेल में ही बंद है और उससे जुड़ा मामला झारखंड हाई कोर्ट में चल रहा है, जबकि धीरज साहू ने 350 करोड़ रुपये का टैक्स जमा कर दिया और केस से मुक्त हो गए।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत ऐसे मामलों में सिर्फ 3 से 7 साल तक की सजा हो सकती है। इसमें भी 20 प्रतिशत से कम मामलों में ही आरोपी को सजा मिल पाती है।
NCRB के 2022 के आंकड़े बताते हैं कि 4 हजार 9 सौ 93 लोगों की गिरफ्तारी हुई, जिसमें से सिर्फ 852 लोगों को सजा मिली।
करप्शन परसेप्शन इंडेक्स में विश्वभर के 180 देशों में भारत 96वें स्थान पर है। भ्रष्टाचार रैंकिंग में भारत का स्कोर 100 में 38 रहा, जिसे अच्छा नहीं माना जा सकता।
डेनमार्क में भ्रष्टाचार ना के बराबर है। डेनमार्क में अफ़सर निष्पक्ष रहते हैं, रिश्वत मामले में तुरंत कार्रवाई होती है, आर्थिक दंड और सजा सख्त है। वहां नागरिक सीधे सरकार से मांगकर फाइल देख सकते हैं। वहां सूचना देने वाले को पूर्ण सुरक्षा मिलती है।
भारत में भ्रष्टाचार से GDP को डेढ से दो प्रतिशत तक का नुकसान होता है, जो करीब 5 से 6 लाख करोड़ के आसपास है।
*#DNAWithRahulSinha | आप नोट सहेजते हैं.. वो नोट जलाते हैं! इंजीनियर की पत्नी ने घर में नोटों की गड्डियां जलाई#DNA #Patna #Bengaluru #EOURaid #Corruption@RahulSinhaTV pic.twitter.com/fQuKlFoxOB
— Zee News (@ZeeNews) August 23, 2025
46 साल के अफ्रीकी दिग्गज का टी20 में धमाका, करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन!
लालू यादव के पिंडदान वाले बयान पर बिहार में सियासी घमासान!
अब गांव का बेटा भी जाएगा लंदन पढ़ने, अटल स्कॉलरशिप योजना शुरू!
ट्रेन में अकेली सो रही लड़की से RPF जवान ने की छेड़छाड़, वीडियो वायरल
मीरजापुर में डोंगिया जलाशय छलका, अहरौरा में बाढ़ का खतरा!
पूर्णिया में कोसी नदी का कहर: एक ही परिवार के पांच डूबे, बच्ची को बचाने में गई जान
एशिया कप 2025: कौन बनेगा विजेता? पूर्व दिग्गज ने की भविष्यवाणी
क्या लाठी, क्या तेल! तेजस्वी पर FIR से गरमाई बिहार की सियासत
ऐसा अमेरिकी राष्ट्रपति नहीं देखा: जयशंकर का ट्रंप की टैरिफ नीति पर करारा जवाब!
चमोली में बादल फटने से तबाही: थराली में भारी नुकसान, युवती की मौत, कई लापता