नागपुर में हिंसा: क्या थी अफवाह, कैसे जला शहर, जानिए पूरी कहानी
News Image

औरंगजेब की कब्र को हटाने के लिए एक संगठन के प्रदर्शन के दौरान एक धर्मग्रंथ को जलाए जाने की अफवाह फैलने के बाद नागपुर में सोमवार को हिंसा भड़क गई। इस दौरान किए गए पथराव में तीन पुलिसकर्मियों समेत नौ लोग घायल हो गए।

पुलिस ने महल क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान के दौरान 15 लोगों को गिरफ्तार किया। इससे पहले, पुलिस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय वाले महल क्षेत्र में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया।

अधिकारियों ने बताया कि महल के बाद हंसपुरी इलाके में भी उपद्रव की कुछ घटनाएं सामने आईं। यहां भी उपद्रवियों ने दुकानों में तोड़फोड़ और पथराव किया। साथ ही वाहनों में आग लगा दी। फिलहाल प्रशासन ने नागपुर शहर के कई इलाकों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है।

पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल ने बताया कि नागपुर शहर के कोतवाली, गणेशपेठ, लकड़गंज, पचपावली, शांतिनगर, सक्करदरा, नंदनवन, इमामवाड़ा, यशोधरा नगर और कपिल नगर पुलिस थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया है। यह कर्फ्यू अगले आदेश तक लागू रहेगा।

महल में उपद्रव के बाद घेराबंदी अभियान में पुलिस उपायुक्त निकेतन कदम गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी भी पथराव का शिकार हुए। चिटनिस पार्क से शुक्रवारी तालाब रोड हिंसा से सबसे अधिक प्रभावित हैं, जहां दंगाइयों ने कुछ चार पहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया। लोगों के घरों पर भी पत्थर फेंके गए।

पुलिस के अनुसार, उपद्रव सोमवार देर शाम उस समय शुरू हुआ, जब बजरंग दल के सदस्यों ने महल इलाके में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया। अफवाह फैली कि आंदोलन के दौरान धर्मग्रंथ को जलाया गया है। बजरंग दल के प्रदर्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुए, जिससे मुस्लिम समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया।

गणेशपेठ थाने में शाम को कथित तौर पर धर्मग्रंथ जलाने के लिए शिकायत भी दर्ज कराई गई। शिकायत के बाद, बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग महल इलाके के अलग-अलग हिस्सों में इकट्ठा होने लगे। पुलिस ने संकट की आशंका को देखते हुए गश्त तेज कर दी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को बुलाया गया।

चिटनिस पार्क इलाके में पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। अन्य इलाकों से भी हिंसा की खबरें आई हैं। हालांकि, बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आरोपों का खंडन किया और दावा किया कि उन्होंने अपने प्रदर्शन के तहत केवल औरंगजेब का पुतला जलाया था।

संवेदनशील इलाकों में त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), दंगा नियंत्रण पुलिस और राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) को तैनात किया गया है। विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी बुलाया गया है। पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया और हिंसा के जिम्मेमदार 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

हंसपुरी के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि नकाबपोश समूह ने चेहरे स्कार्फ से छिपा रखे थे। उनके हाथों में धारदार हथियार, स्टिकर और बोतलें थीं। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया, दुकानों में तोड़फोड़ की और पथराव किया। उन्होंने 8-10 वाहनों में भी आग लगा दी।

महल में एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उनकी कार हिंसा-आगजनी के दौरान आग के हवाले कर दी गई। यह घटना सोमवार रात करीब 8.30 बजे हुई। 500-1000 लोगों की भीड़ ने पथराव किया। उन्होंने हमारी कार के अलावा करीब 25-30 वाहनों में तोड़फोड़ की। एक अन्य स्थानीय ने कहा कि उपद्रवी पत्थर लेकर इधर-उधर भाग रहे थे। उन्होंने हमारे घरों पर पत्थर फेंके, यहां तक कि बच्चों पर भी। उन्होंने हमारे दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दीं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शांति बनाए रखने की अपील की और लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने को कहा। उन्होंने कहा कि पुलिस महल इलाके में पथराव और तनावपूर्ण स्थिति को संभाल रही है। वह पुलिस के लगातार संपर्क में हैं। वहीं गडकरी ने भी लोगों से प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की।

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि नागपुर में सोमवार को हुई हिंसा राज्य के गृह विभाग की विफलता को दर्शाता है। सपकाल ने कहा कि मंत्रियों द्वारा पिछले कुछ दिनों से जानबूझकर भड़काऊ भाषण दिये जा रहे थे। शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने राज्य में कानून-व्यवस्था बुरी तरह से बिगड़ने का आरोप लगाया।

*

कुछ अन्य वेब स्टोरीज

Story 1

सुनीता विलियम्स की धरती पर वापसी: दुनिया की नज़रें टिकीं

Story 1

पंजाब फतह पर बीजेपी की नजर, अकाली दल से गठबंधन नहीं, अकेले बनाएंगे सरकार!

Story 1

समुद्र में रेत का दैत्य: तूफ़ान ने निगले कई जहाज!

Story 1

नागपुर हिंसा: 5-6 घंटे बाद फिर भड़की, मंत्री योगेश कदम ने तोड़ी चुप्पी

Story 1

खूंखार लड़ाई: मादा तेंदुओं का जानलेवा संघर्ष, नर तेंदुए ने बचाई जान!

Story 1

आ जा बाहर! लोहे के सरिये से थार वाले को मारने निकला ऑटो ड्राइवर, सड़क पर क्लेश का वीडियो वायरल

Story 1

गुजरात में भारत-पाक सीमा पर अदानी प्रोजेक्ट: क्या राष्ट्रीय सुरक्षा से हुआ समझौता?

Story 1

दादा का बड़ा बयान: रोहित को लेनी होगी टेस्ट क्रिकेट में जिम्मेदारी, टीम की हालत नाजुक!

Story 1

दिल्ली के चांदनी चौक में दिनदहाड़े 80 लाख की लूट, बंदूक दिखाकर व्यापारी से छीना बैग

Story 1

बंद कमरे में जाकिर नाइक से मिले क्रिकेटर, सोशल मीडिया पर मचा बवाल!